बरेली। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के कुरतरा गांव में 41 वर्षीय दीपचंद की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके छोटे भाई सतीश (32) को गिरफ्तार किया है।पुलिस का दावा है कि तीन बीघा जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने बड़े भाई की हत्या की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ हत्या में इस्तेमाल होने का संदेह जताए गए सामान को भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक दीपचंद पुत्र हरद्वारी लाल की पत्नी पूजा ने घटना की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। मौके से लकड़ी का डंडा, चाबी के गुच्छे में लगा छोटा चाकू और कैंची बरामद की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है।
तीन बीघा जमीन को लेकर था विवाद
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों भाइयों के पिता ने उनके नाम जमीन की थी। आरोपी सतीश का आरोप था कि बड़े भाई दीपचंद ने जमीन का अधिक हिस्सा अपने कब्जे में कर रखा था और उसे उसका हिस्सा नहीं मिल रहा था। इस बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था। सतीश कई बार जमीन में अपना हिस्सा मांग चुका था, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका।
पुरानी रंजिश भी बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को दीपचंद ने सतीश के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से दोनों भाइयों के बीच रंजिश बढ़ गई थी। आरोप है कि 20-21 अक्टूबर की रात दीपचंद कमरे में सो रहा था। घर के अन्य सदस्यों के सो जाने के बाद सतीश कमरे में पहुंचा और चाकू से उसके चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद लकड़ी के डंडे से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का दावा किया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



