बरेली। जिले में बुधवार को आए तेज चक्रवाती तूफान और बारिश ने कई गांवों में भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मवेशियों की भी जान चली गई। इस बीच भमोरा क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। वीडियो में एक युवक तेज हवाओं के बीच टीन शेड समेत हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव में नन्हे नाम का युवक आंधी के दौरान बारात घर के बाहर खड़ा था। बताया जा रहा है कि वह टीन शेड को पकड़कर संभालने की कोशिश कर रहा था, तभी तेज हवाओं ने पूरा शेड उखाड़ दिया और युवक भी उसके साथ हवा में कई फीट ऊपर उठ गया। कुछ ही सेकेंड बाद युवक नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उधर, आंवला तहसील क्षेत्र में तूफान ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। नंदगांव के मजरा जंगतीरा में घर की दीवार गिरने से 38 वर्षीय घासीराम मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। परिवार के लोग उन्हें बाहर निकालते, उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
भमोरा थाना क्षेत्र के नितोई गांव में पेड़ की भारी टहनी गिरने से 65 वर्षीय गोमती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि उनके परिवार में बेटा नहीं है और उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।इसके अलावा बेहटा जुनून गांव में तेज हवा के चलते एक बड़ा टिन शेड गिर गया। हादसे में 61 वर्षीय लिपि मलबे में दब गईं और उनकी जान चली गई। वहीं हर्रामपुर गांव में पेड़ गिरने से सात वर्षीय छात्रा देवकी सक्सेना की मौत की सूचना भी सामने आई है।
तूफान के दौरान कई गांवों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। तजपुरा नवदिया और दरावनगर गांव में पेड़ों के नीचे दबकर कई भैंस और गायों की भी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक तेज हवाओं के कारण कई मकानों की छतें और टीन शेड उड़ गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
घटनाओं की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, पुलिस और लेखपाल की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचीं और नुकसान का आकलन शुरू किया। भमोरा इंस्पेक्टर पवन कुमार ने युवक के घायल होने की घटना की पुष्टि की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान कमजोर ढांचों और पेड़ों से दूर रहने की अपील की है। वहीं पीड़ित परिवारों ने सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग की है।




