तिरंगे की शान में झुका बरेली, 77वें गणतंत्र दिवस पर उमड़ा देशप्रेम

SHARE:

अवधेश कुमार

बरेली। देश के 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बरेली शहर पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिले भर में प्रशासनिक भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सुबह से ही शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और हर ओर देशभक्ति की भावना दिखाई दी।

 

सबसे भव्य और मुख्य समारोह बरेली पुलिस लाइन में आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अगुवाई में भव्य ध्वजारोहण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और संविधान निर्माताओं व देश के वीर शहीदों को नमन किया।

अपने संबोधन में मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। परेड में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुशासन और समर्पण का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं जवानों के लिए 51 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 77 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरी दुनिया में अपना गौरव बढ़ाया है और आज देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व क्षेत्राधिकारी जगदीश पाटनी एवं बरेली कॉलेज की प्रोफेसर वंदना शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के दौरान राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और प्रेरणादायी संदेशों ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।


गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर के विभिन्न हिस्सों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। हर ओर तिरंगा, देशभक्ति के नारे और उत्साह का वातावरण बना रहा।बरेली में मनाया गया यह गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!