भाजपा की जिला बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, दिनेश कुमार ने शिक्षक चुनाव में जुटने का दिया संदेश

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, शिक्षक चुनाव और पार्टी के जनाधार को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की। सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में पहली बार बरेली पहुंचे जिला प्रभारी दिनेश कुमार का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

सोर्स।भाजपा मीडिया सेल

 

जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने जिला प्रभारी दिनेश कुमार का परिचय कराते हुए उनके संगठनात्मक अनुभव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिनेश कुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने झारखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश और पंजाब में संगठन के लिए काम किया है। वर्ष 2008 में वह बिहार में संगठन मंत्री, 2015 में पंजाब में महामंत्री संगठन और 2022 में उत्तर प्रदेश में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से अपने काम के जरिए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा बनाए रखना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना संगठन की मजबूती के लिए जरूरी है। आगामी शिक्षक चुनाव के मद्देनजर उन्होंने मतदाताओं से संपर्क करने और मतदान सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।

 

दिनेश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गुंडाराज था, जबकि आज योगी सरकार के मॉडल की देशभर में चर्चा हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश और 2029 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा का उल्लेख करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को भी दोहराया।

श्रुति गंगवार ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की असली ताकत

राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद श्रुति गंगवार ने केंद्र और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उनका समर्पण, मेहनत और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पार्टी को मजबूत आधार प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि संगठन के मूल्यों को आत्मसात करते हुए जनसेवा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ लगातार काम करती रहेंगी। बैठक में संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने और पार्टी की नीतियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।

बैठक में एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, पवन शर्मा, डॉ. हरिशंकर गंगवार, डॉ. निर्भय गुर्जर, वीरपाल गंगवार, धर्म विजय गंगवार, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, मेघनाथ सिंह कठेरिया, अजय सक्सेना, राहुल साहू, अभय चौहान, डॉ. मीनाक्षी गंगवार, तेजेश्वरी सिंह, स्वाति गंगवार, मुकेश राजपूत, आलोक गंगवार, शिवम शर्मा, आरके कश्यप, अमित गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल, भूपेंद्र कुर्मी, सत्येंद्र यादव और अजय अरोरा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment