बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के डप्टा श्यामपुर गांव में सोमवार सुबह पानी की टंकी के गेट पर 58 वर्षीय वृद्ध का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलराम दीक्षित पुत्र नत्थू लाल दीक्षित के रूप में हुई है। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

चारपाई पर सोने को लेकर हुई थी कहासुनी
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक बलराम दीक्षित अविवाहित थे और अपने भतीजे आशुतोष दीक्षित के साथ रहते थे। आशुतोष गांव में बनी पानी की टंकी पर ऑपरेटर है। बलराम भी अक्सर रात में पानी की टंकी पर सोते थे। बताया जाता है कि रविवार देर शाम नौरंगपुर का रहने वाला एक युवक पानी की टंकी पर पहुंचा और वहां रखी चारपाई पर लेट गया। इस पर बलराम ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने पास में बने पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत हरि गिरि से इस मामले में शिकायत भी की थी।

सुबह शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप
सोमवार सुबह पानी की टंकी के गेट पर बलराम का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची भमोरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक संदिग्ध हिरासत में, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
चारपाई पर सोने को लेकर हुई कहासुनी के बाद अगले दिन बलराम का शव मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, वृद्ध की मौत के पीछे की असल वजह और घटना में किसी की संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



