रामपुर।

मुलाकात के पहले श्री यादव हेलीकॉप्टर से मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां आजम खां ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता आजम खां के आवास पर पहुंचे।
मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां समाजवादी पार्टी के लिए अहम नेता हैं और उनके साथ हमेशा पार्टी की लड़ाई मजबूत रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी और पार्टी की आवाज बुलंद होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आजम खां और उनके परिवार पर झूठे मुकदमे लगाकर उन्हें परेशान किया, जबकि समाजवादी पार्टी में उनके योगदान की कद्र की जाती है।अखिलेश यादव ने जौहर विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भी अपनी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जो लोग विश्वविद्यालय को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वह समुदाय और छात्रों के भविष्य के लिए खतरा हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खां पर लगे सभी झूठे मुकदमे खत्म किए जाएंगे, और अन्य झूठे मामले भी वापस लिए जाएंगे।उन्होंने भाजपा सरकार पर पीडीए समाज के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज के लोगों को कई तरह के अपमान का सामना करना पड़ रहा है। सुप्रीम कोर्ट में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के बावजूद न्याय और सम्मान की अनदेखी की जा रही है।
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता को न्याय मिलेगा और सभी वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा जनता के साथ खड़ी रहेगी और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।




