बरेली। नवाबगंज में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि विमलेश कुमार (27) पुत्र जयपाल, निवासी पंडरी, समीप बरौर, नवाबगंज, किसी स्थान पर मौजूद है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस का दावा है कि आरोपी ने टीम पर गोली चला दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 450 रुपये मिले।
आरोपी के खिलाफ नवाबगंज थाने में FIR संख्या 425/26 दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, मामले में BNS की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5G/6 के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर वारदात में एक अन्य व्यक्ति के साथ शामिल होने की बात बताई है। पुलिस अब दूसरे आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि विमलेश के खिलाफ पहले से छेड़खानी का मुकदमा भी दर्ज है।
सीओ नीलेश मिश्र के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।



