बरेली में  हादसा: पंजाब जा रही स्कॉर्पियो कैंटर से टकराई, तीन यात्रियों की मौत, एक जिंदगी के लिए जूझ रहा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। नवाबगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे पर पंजाब जा रही एक स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

फोटो।न्यूज वोक्स

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी मुकंद सिंह अपनी पत्नी भूपेंद्र कौर और रिश्तेदार संतोख सिंह, लाडी सिंह तथा हरजीत सिंह के साथ पंजाब जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो इनायतपुर स्थित निर्माणाधीन हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रहे कैंटर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

दुर्घटना में भूपेंद्र कौर, हरजीत सिंह (60) निवासी फतेहगढ़, पंजाब तथा संतोख सिंह (65) निवासी माछीवाड़ा, जिला लुधियाना की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, बरेली रेफर किया गया है। स्कॉर्पियो चालक इस हादसे में सुरक्षित बच गया।

सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का प्रतीत हो रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज