बरेली में मिलिट्री इंटेलिजेंस और कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारतीय सेना की प्रतिबंधित कॉम्बैट (युद्ध में इस्तेमाल ड्रेस) यूनिफॉर्म के कपड़े का बड़ा भंडार बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सेना की यूनिफॉर्म से संबंधित सामग्री मिलने पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री के स्रोत तथा उसके संभावित उपयोग की भी पड़ताल कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार मिलिट्री इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि थाना कैंट क्षेत्र के नकटीया इलाके में स्थित एक दुकान पर भारतीय सेना की प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा और उससे संबंधित सामान अवैध रूप से संग्रहित किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम ने कैंट पुलिस के साथ संयुक्त रूप से दुकान पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान दुकान से लगभग 2100 मीटर प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा बरामद हुआ। इसके अलावा यूनिफॉर्म से जुड़े अन्य सामान भी मौके से कब्जे में लिए गए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि मिलिट्री इंटेलिजेंस से प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सैन्य यूनिफॉर्म का कपड़ा और अन्य सामग्री बरामद हुई। इस संबंध में एफआईआर संख्या 294/26 के तहत धारा 318(4) और 349 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में अरबाज पुत्र वली खान निवासी मोहनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कपड़ा कहां से लाया गया था तथा इसका इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।




