जन-जन तक पहुंचाएं सपा का मेनिफेस्टो, PDA की नई परिभाषा भी समझाएं: अखिलेश यादव

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बरेली में पार्टी नेताओं को चुनावी रणनीति का संदेश दिया। बहजोई में शादी समारोह में शामिल होकर लौटने के दौरान वह बरेली एयरपोर्ट पर रुके और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और सपा के मेनिफेस्टो को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

अखिलेश यादव ने नेताओं से साफ कहा कि चुनाव में हर कार्यकर्ता का लक्ष्य होना चाहिए कि एक भी वोट न कटने पाए और एक भी वोट न बंटने पाए। उन्होंने पार्टी के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो: 2027 यानी पीडीए का प्रणपत्र’ की घोषणाओं को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता को बताया जाए कि सपा की सरकार बनने पर उन्हें इन योजनाओं से क्या लाभ मिलेगा।

पढ़ाई, दवाई और आमदनी है PDA की नई परिभाषा

सपा प्रमुख ने पीडीए की नई व्याख्या ‘पढ़ाई, दवाई और आमदनी’ को भी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्गों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने की बात कही। महिला कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से महिलाओं के बीच जाकर पार्टी की घोषणाओं का प्रचार करने को कहा। इसमें महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये, मोबाइल और युवाओं के लिए रोजगार संबंधी वादों को प्रमुखता से रखने के निर्देश दिए।

 

संगठन के अनुशासन की तारीफ

अखिलेश ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने और एकजुट होकर चुनावी मैदान में जुटने को कहा। साथ ही बरेली में संगठन के अनुशासन की सराहना करते हुए जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी की तारीफ की।

इस दौरान विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र कश्यप, प्रवीण सिंह ऐरन समेत कई पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment