बरेली। साइबर ठगों ने अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए आतंकवाद और देश की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। बरेली में एक नामचीन हकीम को निशाना बनाकर ठगों ने करीब 12 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के जाल में उलझाए रखा। आरोपियों ने खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का अधिकारी बताया और पाकिस्तानी आतंकियों की तस्वीरें दिखाकर डॉ. खुर्शीद मुराद पर पहलगाम हमले से जुड़े आतंकियों को 2.50 करोड़ रुपये की फंडिंग करने का आरोप लगाया। गिरफ्तारी और जेल भेजने की धमकी देकर उन्हें परिवार से भी अलग कर दिया गया।हालांकि, डॉक्टर और उनके मैनेजर की सूझबूझ से साइबर ठगों की साजिश नाकाम हो गई।

आतंकियों की तस्वीरें दिखाकर लगाया गंभीर आरोप
सर्किट हाउस चौराहे के पास यूनानी क्लीनिक चलाने वाले डॉ. खुर्शीद मुराद को साइबर ठगों ने फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताया और पाकिस्तानी आतंकियों की तस्वीरें दिखाईं। इसके बाद डॉक्टर पर आतंकियों को करोड़ों रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की धमकी दी। ठगों ने उन्हें लगातार अपने निर्देशों का पालन करने के लिए दबाव में रखा।

गुरुवार रात खुद को कमरे में किया बंद
ठगों के डर और दबाव का असर ऐसा हुआ कि डॉ. खुर्शीद गुरुवार रात खुद को एक कमरे में बंद कर बैठे। परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने तक नहीं दिया गया। उनके बेटे डॉ. अमीद मुराद भी पिता से संपर्क नहीं कर सके। आरोपी लगातार डॉक्टर को कार्रवाई और गिरफ्तारी का भय दिखाते रहे। इस तरह करीब 12 घंटे तक वह साइबर अपराधियों के डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसे रहे।
मैनेजर की सतर्कता से बची बड़ी ठगी
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान डॉ. खुर्शीद और उनके मैनेजर ने सूझबूझ दिखाई। समय रहते ठगों की साजिश समझ में आने से डॉक्टर बड़ी आर्थिक ठगी का शिकार होने से बच गए। इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के उस तरीके को उजागर किया है, जिसमें वे जांच एजेंसियों का नाम लेकर लोगों को डराते हैं और उन्हें परिवार से अलग कर अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश करते हैं।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान
ध्यान देने वाली बात यह है कि डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। कोई भी जांच एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती। न ही इस तरह पैसे ट्रांसफर करने का निर्देश देती है। ऐसे कॉल आने पर घबराने के बजाय परिवार को जानकारी दें और तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें।

एसपी सिटी चिराग जैन का घटना पर बयान:
बरेली में हकीम खुर्शीद मुराद को एटीएस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने फोन किया और उन्हें आतंकवाद से जुड़े मामले में फंसाने का डर दिखाकर रुपये ऐंठने की कोशिश की। ठगों ने करीब 12 घंटे तक उन्हें डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव में रखा। इस दौरान उन्हें परिवार और परिचितों से संपर्क नहीं करने की हिदायत भी दी गई।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि हकीम के मैनेजर ने समय रहते सतर्कता दिखाई और साइबर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी। इसकी वजह से ठग उनके खाते से रकम निकालने में सफल नहीं हो सके।
एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि पुलिस या किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन अथवा वीडियो कॉल पर पैसे मांगने वाले लोगों के झांसे में न आएं। इस तरह से डराकर पैसे मांगना साइबर अपराध है। किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें और ऐसी घटना होने पर तत्काल साइबर थाने या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


