मुरादाबाद। सियासी मतभेदों से इतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने संवेदना व्यक्त की। मुरादाबाद में मीडिया के सवाल पर उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि मां को खोना बहुत बड़ा सदमा है। अल्लाह ताला उन्हें इस दुख को सहने की ताकत और सब्र अता फरमाए।
पत्रकारों ने जब आजम खान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन को लेकर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा, “बड़ा सदमा है, अल्लाह ताला उन्हें सब्र अता फरमाए। बड़ा नुकसान है। मां जैसी दौलत कहां किसी के पास होती है।”
आजम खान ने अपने संक्षिप्त बयान में मां के महत्व और इस दुख की गंभीरता को बयां किया। अपनी बात रखने के बाद उन्होंने कोई और टिप्पणी नहीं की और ‘ठीक है, शुक्रिया’ कहकर वहां से रवाना हो गए।
इस दौरान आजम खान के आसपास समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। उनका यह बयान राजनीतिक चर्चाओं से अलग एक पारिवारिक क्षति पर व्यक्त की गई संवेदना के रूप में सामने आया।


