पटेल चौक को मिली नई पहचान, देश की उपलब्धियों और गौरव का बनेगा प्रतीक

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। पटेल चौक अब नए स्वरूप में लोगों का ध्यान खींच रहा है। नगर निगम ने सौंदर्यीकरण कर इसे आकर्षक रूप दिया है। यहां भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट अवनी चतुर्वेदी और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) तक पहुंचने वाले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। इनके जरिए देश की सैन्य शक्ति, साहस और वैज्ञानिक उपलब्धियों को सम्मान दिया गया है।

 

सोर्स।न्यूज वॉक्स

पटेल चौक को ‘जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान’ की थीम पर विकसित किया गया है। यहां सेना के तीनों अंगों के जवानों, किसानों और विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य चौराहे की सुंदरता बढ़ाने के साथ खासकर युवाओं को देश की उपलब्धियों और प्रेरक व्यक्तित्वों से परिचित कराना है।

सोर्स।न्यूज वोक्स

महापौर उमेश गौतम के मुताबिक, पटेल चौक को आकर्षक सेल्फी पॉइंट के रूप में भी तैयार किया गया है। यहां आने वाले लोग प्रतिमाओं और सुसज्जित परिसर के साथ तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे। इससे शहर के इस स्थल को नई पहचान मिलने के साथ देश की उपलब्धियों का संदेश लोगों तक पहुंचेगा।

नगर निगम शहर के अन्य स्थानों को भी आकर्षक और प्रेरणादायी रूप देने में जुटा है। वनखंडी नाथ मंदिर के पास नमो पार्क में भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा रही है। डेलापीर से आईवीआरआई तक दीवार को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थापित की जा रही है।

सार्वजनिक स्थलों को नया स्वरूप देने की कोशिश है। नगर निगम की मंशा है कि बरेली की पहचान सुंदरता के साथ उन प्रेरक व्यक्तित्वों से भी बने, जिन्होंने देश को गौरव दिलाया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment