बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को बरेली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखेंगे। इसके अलावा नवीन प्लाईवुड फैक्ट्री का उद्घाटन करने के साथ अधिवक्ताओं के एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उपमुख्यमंत्री सुबह 11:35 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से राजकीय विमान से रवाना होंगे। दोपहर 12:05 बजे उनका विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरेगा। यहां से वह सड़क मार्ग से रिठौरा क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रामदयाल स्थित जे.जी. भार्गव इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पहुंचेंगे।
दोपहर 12:20 बजे उपमुख्यमंत्री नवीन प्लाईवुड फैक्ट्री का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लेंगे। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे।
जिला अस्पताल के निरीक्षण पर रहेगी खास नजर
उपमुख्यमंत्री के दौरे में जिला अस्पताल का निरीक्षण सबसे अहम माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री के सामने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिलने वाले उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की तस्वीर सामने आएगी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की तैयारियों और निरीक्षण के दौरान मिलने वाले निर्देशों पर सभी की निगाहें रहेंगी।



