इंस्टाग्राम लाइव से पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क तक पहुंचे हथियार तस्करी के तार, बरेली में फैक्ट्री का भंडाफोड़

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बहेड़ी के खंडहर में तैयार हो रहे थे अवैध हथियार, चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार;

पंजाब में ड्रोन से हथियार सप्लाई करने की हुई थी पेशकश, एसएसपी अनुराग आर्य ने एसआईटी जांच का किया ऐलान

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बहेड़ी में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। इस मामले में पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े अजमल गुर्जर का नाम भी सामने आया है। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुखराज सिंह पिछले 8 से 10 महीने से अजमल गुर्जर के संपर्क में था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम रील और लाइव वीडियो के जरिए बातचीत होती थी। मोबाइल फोन से हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी चैट और एक लाइव कॉल की रिकॉर्डिंग भी मिली है।

 

सोर्स। बरेली पुलिस

 

खंडहर में चल रही थी अवैध हथियार फैक्ट्री

पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 14 और 15 नवंबर की रात एसओजी और बहेड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले स्थित एक खंडहर में छापा मारा। यहां चोरी-छिपे अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सुखराज सिंह और शानू मियां निवासी बहेड़ी, जीवनदीप सिंह निवासी रामपुर और जसनूर सिंह निवासी पीलीभीत के रूप में हुई है। मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर की रायफल, दो अधबनी 12 बोर की नाल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी अनुराग आर्य

इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अजमल गुर्जर से हुई बातचीत

एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्य आरोपी सुखराज सिंह की पूछताछ में अजमल गुर्जर से संपर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अजमल गुर्जर पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क का गुर्गा है। उसे तहरीक-ए-तालिबान का ऑपरेटिव भी बताया गया है।

एसएसपी के अनुसार, सुखराज इंस्टाग्राम पर रील देखने के दौरान अजमल गुर्जर के संपर्क में आया था। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम लाइव वीडियो के माध्यम से बातचीत हुई। हथियारों की जानकारी लेने और उनकी खरीद-फरोख्त को लेकर भी बातचीत हुई थी। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से चैट और एक लाइव कॉल की रिकॉर्डिंग मिली है, जिसका परीक्षण किया जा रहा है।

बहेड़ी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

पंजाब में ड्रोन से हथियार भेजने की पेशकश

पूछताछ में सुखराज ने बताया कि अजमल गुर्जर ने उसे उच्च गुणवत्ता वाले हथियार लेने के लिए पंजाब आने को कहा था। वहां ड्रोन के माध्यम से हथियार पहुंचाने की पेशकश की गई थी। हालांकि, एसएसपी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अभी तक पंजाब नहीं गया था और हथियारों के लेन-देन को लेकर केवल बातचीत हुई थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन अन्य लोगों के संपर्क में था और उसके जरिए किन लोगों तक हथियार पहुंचाए गए। इन हथियारों का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।

हिस्ट्रीशीटर इसरत पहलवान से भी जुड़ा कनेक्शन

पुलिस जांच में बहेड़ी के हिस्ट्रीशीटर इसरत पहलवान से भी आरोपियों के संपर्क की बात सामने आई है। एसएसपी ने बताया कि इसरत पहलवान पिछले साल 26 सितंबर को बरेली में हुई एक घटना के संबंध में हथियारों की सप्लाई के मामले में जेल गया था। आरोपियों के मोबाइल फोन में उसके साथ बातचीत के कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। पुलिस इस कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।

दो आरोपी फरार, पूरे नेटवर्क की जांच करेगी एसआईटी

इस मामले में पुलिस को अभी दो आरोपियों की तलाश है। उनकी पहचान गुरसेवक सिंह और अनस उर्फ सलमान निवासी बहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों की भी हथियारों की सप्लाई में भूमिका रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

एसएसपी अनुराग आर्य बोले- गोपनीय सूचना की पुष्टि के बाद हुई कार्रवाई

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस को इस गैंग के सक्रिय होने की गोपनीय सूचना मिली थी। एलआईयू और अन्य एजेंसियों से मिलने वाली सूचनाओं की पहले पुष्टि की गई, इसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए एसआईटी गठित की जाएगी। इसमें साइबर विशेषज्ञों के साथ सर्विलांस, एसओजी और थाना पुलिस की टीमें शामिल रहेंगी। जांच गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में कराई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में थे और हथियारों की सप्लाई किन गतिविधियों के लिए की जा रही थी।

एसएसपी ने इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे, उनकी जानकारी साझा की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज