बरेली। सफाई कर्मचारियों को उनका हक दिलाने और कार्यस्थल पर होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के लिए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गौड़ियाल अब खुद मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा। समय पर वेतन, जरूरी सुविधाएं और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

प्रेसवार्ता में डॉ. गौड़ियाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वह कर्मचारियों के वेतन, निर्धारित यूनिफॉर्म और साप्ताहिक छुट्टी की व्यवस्था की जानकारी लेती हैं। उन्होंने कहा कि सर्दियों में महिला सफाई कर्मचारियों को सुबह छह बजे काम पर बुलाना उचित नहीं है। उन्हें कम से कम सुबह आठ बजे तक काम पर बुलाया जाना चाहिए, ताकि वे घरेलू जिम्मेदारियां भी निभा सकें। साप्ताहिक अवकाश के नाम पर वेतन में कटौती भी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने 300 बेड अस्पताल में कोविड काल के दौरान काम करने वाले उन कर्मचारियों का मामला भी उठाया, जिन्हें नए शासनादेश में जगह नहीं मिली है। उन्होंने प्रभावित कर्मचारियों से लिखित शिकायत देने को कहा और आश्वासन दिया कि अगले दौरे में अस्पताल पहुंचकर उनके मामले का समाधान कराने का प्रयास करेंगी।

डॉ. गौड़ियाल ने यह भी बताया कि आयोग सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास, आवास, सुरक्षा उपकरण, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयासरत है। सीतापुर में ड्यूटी के दौरान मृत सफाई कर्मचारी के परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने और आगरा में करंट से दिव्यांग हुए कर्मचारी के परिवार को आर्थिक सहायता, बीपीएल कार्ड व जमीन का पट्टा दिलाने के प्रयासों का भी उन्होंने उल्लेख किया।उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों की सेवा उनके लिए ईश्वर की पूजा के समान है। उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
प्रेसवार्ता में एडवोकेट आकाश पुष्कर, विकास पासवान, हरी सिंह वरदान, हरबंस, शिशुपाल, महेंद्र पाल राही, सुनील भारत, मुकेश पासवान, मुकेश गुप्ता और काबिर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



