बरेली। उत्तर प्रदेश की सियासत में विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक मोर्चेबंदी को धार देने के लिए भाजपा बरेली में बड़ी पदयात्रा करने जा रही है। 3 नवंबर को प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे। इस पदयात्रा के जरिए भाजपा विपक्ष पर हमला बोलने के साथ ही उसके कथित भ्रामक नैरेटिव को जनता के बीच बेनकाब करने की रणनीति पर काम कर रही है

।
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम और नकारात्मक प्रचार का जवाब तथ्यों और जनसंवाद के माध्यम से देना है। इसके साथ ही लोकतंत्र, सुशासन और जनविश्वास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को जनता तक पहुंचाना है।
तय हुआ पदयात्रा का रूट और पार्किंग प्लान
पूरन लाल लोधी ने बताया कि पदयात्रा स्वयंवर बारात घर से शुरू होगी। यहां से बांके बिहारी मंदिर होते हुए शिवाजी चौक (शील चौराहा) पहुंचेगी। इसके बाद पदयात्रा शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर समाप्त होगी।
बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं और वाहनों की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी तय की गई है। बसों और कारों की पार्किंग डेलापीर गल्ला मंडी, आईवीआरआई के पूर्वी गेट, इज्जतनगर के पूर्वी गेट, मिनी बाईपास पर निर्माणाधीन नए बस अड्डे और स्टेडियम रोड स्थित स्टेडियम में सुनिश्चित की गई है।
कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पदयात्रा की रूपरेखा, मार्ग व्यवस्था, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पदयात्रा से जोड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास एवं सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं विपक्ष भ्रम और झूठ के सहारे सत्ता हासिल करने का सपना देख रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को विपक्ष के हर नकारात्मक नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब देना है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य और महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आदेश प्रताप सिंह, डॉ. संजीव शर्मा, राजेश्वर सिंह पटेल, दीपक सोनकर, अरुण गुप्ता, आदेश गंगवार और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा की इस पदयात्रा को केवल जनसंपर्क कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक संदेश देने और बरेली में अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें 3 नवंबर को होने वाली इस पदयात्रा पर टिकी हैं।



