बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, छह लोगों की मौत की सूचना

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना जोशीमठ क्षेत्र में हाथी पर्वत के आसपास हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत की सूचना सामने आई है।

प्रशासन के मुताबिक भारतीय सेना ने सबसे पहले चमोली के जिलाधिकारी को हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। इसके बाद इलाके में हेलीकॉप्टर की तलाश और राहत कार्य के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

सोर्स।सोशल मीडिया

हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के रूप में बताई गई है। वहीं पायलट का नाम हिमांशु बताया गया है।

क्षेत्र में लगातार बारिश और घने बादलों के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। तलाशी अभियान में दो अन्य हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है। एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर अभियान चला रहे हैं।

 

सेना ने प्रशासन को दी थी पहली सूचना

अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश के मुताबिक, भारतीय सेना की ओर से जिलाधिकारी को सबसे पहले हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद प्रशासन की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट सहित छह लोग सवार थे। सभी के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और इलाके में तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि जोशीमठ के पास चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटना की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment