बरेली। कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली को लेकर शुक्रवार को चोपड़ा रोड स्थित रोटरी भवन में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस की महारैली को रोकने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र किए जा रहे हैं।
तरुण त्यागी ने कहा कि व्यापारियों को बरगलाकर और तरह-तरह की बातें फैलाकर महारैली में बाधा डालने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास लोकतंत्र के लिए उचित नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता इन सभी चुनौतियों का मजबूती से सामना करेंगे और महारैली को सफल बनाकर ही रहेंगे।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष असफाक सकलैनी और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने संयुक्त रूप से की। असफाक सकलैनी ने महारैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि महारैली की सफलता संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने बैठक में मौजूद पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपीं।
बैठक का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया। इस दौरान केके शर्मा, राजन उपाध्याय, इल्यास अंसारी, हाजी इस्लाम बब्बू, जहारुद्दीन मुन्ना, रफिया शबनम, उल्फत कटेरिया, अनुराग राठौड़, राजाराम साहू, योगेश जोहरी, रमेश श्रीवास्तव, सुरेश वाल्मीकि, डॉ. दत्त राम, इरशाद मंसूरी, मुजम्मिल एडवोकेट, गुड्डू खान, कमरुद्दीन सैफी, सतीश सैनी, जोया खान, जितेंद्र पाल तोमर, अमित कश्यप और देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



