पानी की टंकी के गेट पर खून से लथपथ मिली वृद्ध की लाश, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के डप्टा श्यामपुर गांव में सोमवार सुबह पानी की टंकी के गेट पर 58 वर्षीय वृद्ध का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलराम दीक्षित पुत्र नत्थू लाल दीक्षित के रूप में हुई है। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

 

सोर्स। सोशल मीडिया

 

चारपाई पर सोने को लेकर हुई थी कहासुनी

स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक बलराम दीक्षित अविवाहित थे और अपने भतीजे आशुतोष दीक्षित के साथ रहते थे। आशुतोष गांव में बनी पानी की टंकी पर ऑपरेटर है। बलराम भी अक्सर रात में पानी की टंकी पर सोते थे। बताया जाता है कि रविवार देर शाम नौरंगपुर का रहने वाला एक युवक  पानी की टंकी पर पहुंचा और वहां रखी चारपाई पर लेट गया। इस पर बलराम ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने पास में बने पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत हरि गिरि से इस मामले में  शिकायत भी की थी।

सोर्स। सोशल मीडिया

 

सुबह शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप

सोमवार सुबह पानी की टंकी के गेट पर बलराम का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची भमोरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक संदिग्ध हिरासत में, मौत की वजह तलाश रही पुलिस

चारपाई पर सोने को लेकर हुई कहासुनी के बाद अगले दिन बलराम का शव मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, वृद्ध की मौत के पीछे की असल वजह और घटना में किसी की संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा ने बताया कि 26.10.2026 को थाना भमोरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम डपटा में बलराम नामक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना भमोरा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वॉड द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि शराब पीने के दौरान कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद हुआ, जिसके परिणामस्वरूप यह घटना घटित हुई। प्रकरण में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना भमोरा पर सुसंगत धाराओं में मु0अ0सं0 436/26 पंजीकृत किया गया है। घटना का शीघ्र अनावरण कर संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जायेगी।

 

 

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment