बरेली में पुलिस पूछताछ के बाद घर पहुंचे युवक की मौत, छत के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जिले के भुता कस्बे में एक युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। नाबालिग किशोरी को भगाने के आरोप में पुलिस पूछताछ के बाद घर पहुंचे युवक का शव देर रात छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

मृतक का फाइल फोटो

जानकारी के मुताबिक, भुता कस्बा निवासी सुरजीत सिंह (20) पर करीब दो महीने पहले पड़ोस के गांव की एक नाबालिग किशोरी को भगाकर ले जाने का आरोप लगा था। इस मामले में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। गुरुवार शाम करीब आठ बजे वह घर पहुंचा। इसके लगभग तीन घंटे बाद रात करीब 11 बजे उसका शव छत पर बने कमरे में धोती के फंदे से लटका मिला।

युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। सुरजीत पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

डेढ़ महीने बाद भी किशोरी का नहीं लगा सुराग
बताया जा रहा है कि किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस ने भुता कस्बे के रजनीश, बृजेश समेत कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। हालांकि, करीब डेढ़ महीने बीतने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस मामले में एक और चर्चा सामने आई है कि किशोरी के पिता युवक के घर जाकर उसके पास किशोरी होने की बात कहते हुए रुपये की मांग करते थे।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि 20 वर्षीय युवक की आत्महत्या की सूचना मिली थी। नाबालिग किशोरी को भगाकर ले जाने के आरोप में उससे एक-दो बार पूछताछ की गई थी। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment