छात्राओं से छेड़छाड़ और धमकी के आरोप में दो गिरफ्तार, नेपाल भागने की कोशिश में था मुख्य आरोपी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले में एक प्रशिक्षण संस्थान से जुड़ी छह छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में दिनेशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि संस्थान में पढ़ने वाले एक युवक ने छात्राओं की निजी जानकारी अपने साथी के साथ साझा की थी। इसके बाद छात्राओं को निशाना बनाकर धमकियां दी गईं। मुख्य आरोपी को पुलिस ने नेपाल सीमा के नजदीक बनबसा से गिरफ्तार किया।एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की थीं।

फोटो। एआई

छात्राओं की निजी जानकारी साझा करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को दिनेशपुर क्षेत्र के एक प्रशिक्षण संस्थान से जुड़ा मामला सामने आया था। शिकायत में छात्राओं के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने और धमकाने के आरोप लगाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद बिलाल संबंधित संस्थान का छात्र है। आरोप है कि उसने छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां अपने साथी मोहम्मद अनस के साथ साझा की थीं। इसके बाद दोनों पर छात्राओं को परेशान करने और धमकाने के आरोप लगे।पुलिस के अनुसार, छात्राओं को गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां देने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।


मामले की सूचना मिलने के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में दिनेशपुर पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद अनस के नेपाल की ओर फरार होने की कोशिश करने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी मोहम्मद बिलाल को भी पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की पुलिस के एक आलाधिकारी ने पुष्टि की है।

 

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment