बरेली के शाही में तड़के धमाके से मचा हड़कंप, 400 मीटर तक गूंजी आवाज, महिला गंभीर रूप से झुलसी; दिल्ली रेफर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:


बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शाही कस्बे में शुक्रवार सुबह एक मकान में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 400 मीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है। धमाके से मकान की दीवारों और छत के लिंटर में दरारें पड़ गईं, जबकि रसोई की चौखट उखड़कर दूर जा गिरी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। बरेली के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। शुरुआती तौर पर रसोई में लगी चिमनी में गैस जमा होने की आशंका जताई गई है।

 

फोटो सोर्स। बरेली पुलिस

परिवार के करीब 14 सदस्य मकान में थे मौजूद

जानकारी के मुताबिक, शाही कस्बे में उमेश चंद्र शर्मा के बेटे सुमित शर्मा का परिवार रहता है। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। इसी दौरान सुमित के छोटे भाई अमित शर्मा की पत्नी सोकर उठीं और रसोई में दूध गर्म करने के लिए गईं। तभी अचानक तेज धमाका हो गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

धमाके से मकान को भारी नुकसान

धमाके से रसोई की चौखट उखड़कर कई मीटर दूर दूसरी दीवार से जा टकराई। मकान में लगे पंखे समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। दीवारों और छत के लिंटर में भी दरारें पड़ गईं। धमाके के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अमित शर्मा की पत्नी गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। बरेली के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, सीओ अजय कुमार और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मकान को हुए नुकसान और धमाके से जुड़ी परिस्थितियों का जायजा लिया।

चिमनी में गैस जमा होने के चलते हादसा

इंस्पेक्टर आशुतोष द्विवेदी के अनुसार, महिला रसोई में दूध गर्म करने गई थीं। इसी दौरान मॉड्यूलर रसोई में लगी चिमनी में अचानक धमाका हुआ, जिससे महिला झुलस गईं और मकान को नुकसान पहुंचा। शुरुआती आशंका है कि रातभर गैस खुली रहने के कारण चिमनी में गैस जमा हो गई होगी। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज