बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अमीरनगर गांव के जंगल में पिछले करीब तीन महीने से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना तेंदुआ मंगलवार सुबह वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया में जुट गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, चार सितंबर को तेंदुआ बदन सिंह के घर के पास से कुत्तों को उठा ले गया था। इस घटना के बाद अमीरनगर और आसपास के इलाकों में तेंदुए को लेकर भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने शाम के बाद खेतों की ओर जाना कम कर दिया था। पिछले एक महीने के दौरान क्योलड़िया क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भी तेंदुआ देखे जाने की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी।
तेंदुए की लगातार मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी शुरू की। रेंजर आनंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने छह सितंबर को अमीरनगर के जंगल में पिंजरा लगवाया। तेंदुए को पिंजरे की ओर आकर्षित करने के लिए उसमें बकरी को चारे के रूप में बांधा गया था।
इसके बाद वन विभाग की टीम तेंदुए के पिंजरे में फंसने का इंतजार करती रही। करीब 16 दिन बाद मंगलवार सुबह लगभग छह बजे गांव के प्रताप सिंह जंगल की ओर गए। इसी दौरान उनकी नजर पिंजरे पर पड़ी, जिसमें तेंदुआ कैद था। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों और वन विभाग की टीम को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लिया। टीम तेंदुए को लेकर सुरक्षित स्थान के लिए रवाना हो गई। अधिकारियों के निर्देश के बाद तेंदुए को कहां छोड़ा जाएगा, इसका निर्णय किया जाएगा।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम अब क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से जुड़े अन्य संभावित स्थानों पर भी निगरानी रख रही है।
रेंजर केके मिश्रा ने बताया कि क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अमीननगर गुलड़ियाई गांव के जंगल से मंगलवार को तेंदुआ पकड़ा गया है। तेंदुए की क्षेत्र में काफी समय से मौजूदगी की जानकारी मिल रही थी। वन विभाग की टीम ने निगरानी के साथ पिंजरा लगाया था, जिसमें तेंदुआ कैद हो गया। उन्होंने बताया कि तेंदुए को फिलहाल सुरक्षित कब्जे में लिया गया है। उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने के संबंध में उच्चाधिकारियों से दिशा-निर्देश लिए जा रहे हैं।




