बरेली। बारादरी इलाके में बुजुर्ग और अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर कुंडल झपटने वाले बदमाशों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मंदिर जा रही 52 वर्षीय महिला से कुंडल झपटने की वारदात का खुलासा करते हुए बारादरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए कुंडल, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, संजयनगर निवासी 52 वर्षीय पूनम नौ सितंबर की सुबह अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। मॉडल टाउन गेट के पास पहुंचते ही पीछे से आए एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कुंडल छीन लिए। इसके बाद वह बाइक पर पहले से बैठे अपने साथी के साथ मॉडल टाउन की ओर फरार हो गया। महिला की शिकायत पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मंगलवार को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध बाइक सवार नजर आए। पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अजय मिश्रा पुत्र स्वर्गीय गगनदेव निवासी नई बस्ती, फतेहगंज पूर्वी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मौके से अजय मिश्रा के अलावा पिंटू मिश्रा पुत्र स्वर्गीय मुन्नालाल और तरुण उर्फ आकाश पुत्र परमानंद शर्मा को गिरफ्तार किया। तीनों के कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, महिला से छीने गए पीली धातु के दोनों कुंडल और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




