श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में महिला क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में आयोजित चिनार महिला प्रीमियर लीग 2026

इस लीग की खास बात यह रही कि मैदान पर युवा और उभरती खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी एक खिलाड़ी भी शामिल रही। इसके अलावा सीनियर रणजी ट्रॉफी में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी छह खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अंडर-23 और अंडर-19 स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी ने स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की क्रिकेट को करीब से समझने और अपनी क्षमता को परखने का मौका दिया। इससे युवा क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने के साथ-साथ तकनीक, अनुशासन और खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।
चिनार महिला प्रीमियर लीग का महत्व सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। प्रतियोगिता ने उन महिला खिलाड़ियों को भी मंच दिया, जिन्होंने सामाजिक बंदिशों, सीमित सुविधाओं और खेल के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिलने जैसी चुनौतियों के बावजूद क्रिकेट जारी रखा।
बड़े दर्शक वर्ग के सामने महिला खिलाड़ियों का मैदान पर उतरना सामाजिक बदलाव का भी संकेत बना। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के जरिए यह संदेश दिया कि बेटियों की खेल प्रतिभा को अवसर और उचित मंच मिले तो वे किसी भी स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
आयोजकों के मुताबिक, इस लीग से जम्मू-कश्मीर, जम्मू और लद्दाख में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अनुभवी और उभरती खिलाड़ियों को एक ही मंच पर लाने वाली इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र की नई पीढ़ी की लड़कियों के बीच क्रिकेट को लेकर उत्साह बढ़ाया है। आने वाले समय में यह पहल महिला क्रिकेट के लिए नई प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।




