बरेली में 14 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, जिलेवार जारी हुआ कार्यक्रम

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। वर्ष 2027 की अग्निवीर भर्ती के तहत बरेली में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अधीन सेना भर्ती कार्यालय बरेली की ओर से यह रैली 14 से 30 सितंबर 2026 तक जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली में आयोजित होगी।

भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन की विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। ट्रेड्समैन श्रेणी में 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा।

इस भर्ती रैली में केवल वही युवा हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है।

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार ही भर्ती स्थल पर पहुंचें। अभ्यर्थियों को सभी मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और भर्ती से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।

सेना ने अभ्यर्थियों को दलालों और एजेंटों से सावधान रहने की सलाह दी है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होगी। किसी भी अवैध माध्यम से भर्ती कराने का दावा करने वाले व्यक्ति के झांसे में न आने की अपील की गई है।

जिलेवार भर्ती कार्यक्रम

14 सितंबर: अग्निवीर टेक्निकल के लिए बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल के अभ्यर्थी।

15 सितंबर: अग्निवीर टेक्निकल के लिए सीतापुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और शाहजहांपुर के अभ्यर्थी। इसी दिन लखीमपुर खीरी के ट्रेड्समैन 8वीं एवं 10वीं पास अभ्यर्थी भी शामिल होंगे।

16 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए लखीमपुर खीरी और बहराइच।

17 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर और हरदोई की बिलग्राम तहसील।

18 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए हरदोई जिले के अभ्यर्थी।

19 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए संभल जिले के अभ्यर्थी।

20 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए शाहजहांपुर जिले के अभ्यर्थी।

21 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए पीलीभीत और फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील के अभ्यर्थी।

22 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए फर्रुखाबाद की अमृतपुर, फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ तहसील के अभ्यर्थी।

23 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए बदायूं की बिल्सी, दातागंज और सहसवान तहसील के अभ्यर्थी।

24 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए बदायूं की बिसौली तहसील तथा बरेली की मीरगंज, नवाबगंज और बहेड़ी तहसील के अभ्यर्थी।

25 सितंबर: अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए बरेली की फरीदपुर, बरेली और आंवला तहसील के अभ्यर्थी।

रैली के शेष दिनों में अन्य निर्धारित श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया सेना द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से संबंधित निर्देशों और अपने एडमिट कार्ड में दर्ज जानकारी का ध्यानपूर्वक पालन करें।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज