झांकी से लौटते समय मौत बनकर दौड़ा करंट, 11 साल के बच्चे समेत दो की गई जान

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जन्माष्टमी की झांकी की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब शीशगढ़ क्षेत्र में घर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली की लाइन की चपेट में आ गई। ट्रॉली में करंट फैलने से 11 वर्षीय बच्चे और ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि डीजे संचालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में मातम छा गया।

 

घटना में झुलसा व्यक्ति

घटना शीशगढ़ थाना क्षेत्र के सराय खेड़ा गांव की है। जन्माष्टमी के अवसर पर गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली से झांकी निकाली गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चालक वीरेंद्र (25) ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान ट्रॉली पर तिरपाल को बांधने के लिए लगाया गया लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गया। बिजली का संपर्क होते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट फैल गया।

हादसे में ट्रॉली पर बैठे 11 वर्षीय दीप पुत्र वीरपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चालक वीरेंद्र और डीजे संचालक बंटी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। पुलिस और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए बरेली भेजा, लेकिन रास्ते में वीरेंद्र की मौत हो गई। डीजे संचालक बंटी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा, सीओ बहेड़ी अरुण कुमार और थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और घटना की जानकारी जुटाई।

सोर्स। न्यूज वोक्स

शीशगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में 11 वर्षीय बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है, जबकि डीजे संचालक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

दो मौतों की खबर से सराय खेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक वीरेंद्र की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य समीरुद्दीन खां ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment