बरेली में बनेगा गौतम बुद्ध चौक, चौराहे के कायाकल्प के साथ स्थापित होगी भव्य प्रतिमा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। नाथ कॉरिडोर के विस्तार के साथ बरेली शहर के प्रमुख स्थानों को नया स्वरूप देने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में महात्मा गांधी उद्यान के सामने गौतम बुद्ध पार्क के पास स्थित चौराहे के पुनर्विकास की योजना तैयार की गई है। प्रस्ताव के मुताबिक चौराहे का नए सिरे से विकास कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और यहां भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर इसे ‘गौतम बुद्ध चौक’

के रूप में विकसित किया जाएगा।

फोटो सोर्स। बरेली प्राधिकरण

 

बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से तैयार किए जा रहे इस प्रस्ताव में चौराहे के सौंदर्यीकरण के साथ वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया है। योजना के तहत क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के लिए जरूरी निर्माण और विकास कार्य किए जाएंगे।

इसके अलावा महात्मा गांधी उद्यान परिसर में एक विशेष फोकस वॉल तैयार करने की योजना है। इस वॉल पर नाथ नगरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय विरासत और नाथ कॉरिडोर की थीम को दर्शाया जाएगा। इससे उद्यान और आसपास का क्षेत्र शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकेगा।

बौद्ध समाज ने रखे विकास के सुझाव

प्रस्तावित योजना को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय से मुलाकात की। समिति ने चौराहे के पुनर्विकास, बुद्ध प्रतिमा स्थापित करने और चौक का नाम गौतम बुद्ध चौक रखने के प्रस्ताव का स्वागत किया।

समिति ने पार्क के प्रवेश द्वार को स्तूप की शैली में विकसित करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही गौतम बुद्ध मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने की मांग भी रखी गई। अधिकारियों ने समिति के सुझावों को विकास योजना में शामिल करने पर विचार का आश्वासन दिया।

नाथ कॉरिडोर से बदलेगा शहर का स्वरूप

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि नाथ कॉरिडोर के माध्यम से बरेली की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गौतम बुद्ध चौक की प्रस्तावित योजना भी इसी व्यापक विकास दृष्टिकोण का हिस्सा है। बुद्ध प्रतिमा, चौराहे का विकास और गांधी उद्यान में प्रस्तावित फोकस वॉल से पूरे क्षेत्र को नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है।

नाथ कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्य आयुक्त बरेली शंभू कुमार के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाए जा रहे हैं। योजना के तहत शहर के प्रमुख स्थलों को बेहतर यातायात व्यवस्था, पर्यटन सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज