बरेली। झारखंड में पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में बरेली में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोला। चौकी चौराहा पर जुटे कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के रवैये को लेकर नाराजगी जताई।
ABVP कार्यकर्ताओं का कहना था कि परीक्षा में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करना विद्यार्थियों का अधिकार है। उनका आरोप है कि झारखंड में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया। कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों की आवाज दबाने वाला कदम बताते हुए कार्रवाई की आलोचना की।
प्रदर्शन की अगुवाई महानगर सहमंत्री कुणाल मिश्रा ने की। मौके पर विभाग संगठन मंत्री विकास गोला सहित परिषद के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विभाग संगठन मंत्री विकास गोला ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं सीधे तौर पर विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित करती हैं। सरकार को ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और संवैधानिक तरीके से किया जाना चाहिए, न कि बल प्रयोग के जरिए।
प्रदर्शन में महानगर सहमंत्री हर्षवर्धन, कुणाल मिश्रा, आयुष शर्मा, महानगर संगठन मंत्री अरुण सूर्यवंशी, सोशल मीडिया संयोजक सत्यम गुर्जर, मीडिया संयोजक हर्षित चौधरी, अंश गंगवार, कार्तिक, लक्की शर्मा, पुष्पेंद्र कठेरिया, आदर्श, अजय कश्यप और साहिल यादव समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।



