Bareilly News:बहेड़ी में धूं-धूं कर जली चलती कार, हाईवे पर मचा हड़कंप; सूझबूझ से बची दो लोगों की जान

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बहेड़ी। बरेली-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के गुड़वारा गांव के पास चलती मारुति जेन कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धूं-धूं कर जलने लगा। राहत की बात यह रही कि चालक और उसके साथी ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे सीएनजी किट लगी मारुति जेन कार बरेली की ओर जा रही थी। गुड़वारा गांव के पास पहुंचते ही कार से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया। दोनों सवार जैसे ही कार से बाहर निकले, कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार लपटों में घिर गई। जलती कार को देखकर हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। दोनों कार सवार पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सीएनजी सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज