बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला भूड़ में सड़क की खुदाई के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। पिछले काफी दिनों से चल रहा सड़क निर्माण कार्य करीब एक सप्ताह से बंद पड़ा है। टूटी और उबड़-खाबड़ सड़क पर चलने के दौरान राहगीरों के साथ बच्चे भी चोटिल हो रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।

नवरात्र के दौरान मोहल्ले में कन्या भोज और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के बीच टूटी सड़क लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। रविवार को कन्या भोज के निमंत्रण पर पड़ोस के घर जा रही एक बच्ची सड़क पर पैर मुड़ने से गिर गई। गिरने के दौरान उसका सिर घर के सामने पड़े टूटे स्लैब से जा टकराया। स्लैब से निकली सरिया बच्ची की आंख के ऊपर जा लगी। गनीमत रही कि सरिया आंख में घुसने से बच गई। बच्ची के सिर से खून निकलता देख आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए।
बच्चों को घर में कैद करके कैसे रखें?
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण बच्चों को घर से बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया है। स्कूल आने-जाने के दौरान भी बच्चे उबड़-खाबड़ रास्ते पर चलते हुए चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर बच्चों को कब तक घरों में बंद करके रखा जाए। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटे स्लैब राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं।
दो ठेकेदार बदले, फिर भी अधूरा पड़ा निर्माण
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क निर्माण कार्य में अब तक दो ठेकेदार बदले जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद काम पूरा नहीं हो सका है। मोहल्ले के एक निवासी ने बताया कि सड़क पहले अच्छी स्थिति में थी, लेकिन निर्माण के नाम पर उसे तोड़ दिया गया। अब अधूरा काम लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
सड़क की बदहाली का असर दोपहिया वाहन चालकों पर भी पड़ रहा है। लोगों को अपनी बाइक और स्कूटी दूसरों के घरों में खड़ी करनी पड़ रही हैं। वहीं, उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरने के कारण वाहनों के टायर भी आए दिन पंचर हो रहे हैं।
मोहल्ले के लोगों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि उन्हें रोजाना की परेशानियों से राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।



