दुल्हा मियां मजार के पास ट्रांसफार्मर में भीषण आग, धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी; घंटों की मशक्कत के बाद बहाल हुई बिजली

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। किला थाना क्षेत्र स्थित दुल्हा मियां मजार के पास बुधवार को बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें और काला धुआं निकलने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर खुद को बचाया और फायर ब्रिगेड व बिजली विभाग को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद करीब आधे घंटे तक बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान ट्रांसफार्मर से जुड़े एलटी और एचटी केबल, बिजली की लाइनें, फ्यूज यूनिट, इंसुलेटर, जंपर वायर, सर्विस केबल, मीटर कनेक्शन और अन्य विद्युत उपकरण आग की चपेट में आ गए। लोगों को आशंका थी कि आग आसपास की दुकानों तक न फैल जाए।
सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग हरकत में आया।

सुपरवाइजर शबाब खान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद क्षतिग्रस्त केबल, जली हुई लाइनें, फ्यूज और अन्य विद्युत उपकरणों को बदलने का काम शुरू किया गया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फॉल्ट को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने से कुछ समय के लिए पूरे इलाके की बिजली बाधित रही, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।बिजली आपूर्ति सामान्य होने के बाद क्षेत्रवासियों ने सुपरवाइजर शबाब खान और उनकी टीम के कार्य की सराहना की। लोगों ने कहा कि कर्मचारियों ने लगातार मेहनत कर क्षतिग्रस्त लाइनों और उपकरणों को दुरुस्त किया, जिससे क्षेत्र में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज