लखनऊ अग्निकांड के बाद कोचिंग संस्थान संचालक बोले, सुरक्षा नियम मानेंगे, सुधार का समय दें

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त है। इसी क्रम में बरेली में भी कई कोचिंग संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है। अब इस कार्रवाई के बीच बरेली कोचिंग एसोसिएशन ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए उचित समय देने और सील किए गए संस्थानों को राहत देने की मांग की है।

फोटो । सोशल मीडिया

एसोसिएशन के प्रतिनिधि सैयद जसीम ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और सभी कोचिंग संचालक प्रशासन द्वारा तय किए जाने वाले हर सुरक्षा मानक का पालन करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि बिना समय दिए सीधे सीलिंग की कार्रवाई होने से संस्थानों में आवश्यक सुधार कार्य कराना संभव नहीं हो पा रहा है। यदि कुछ समय दिया जाए तो सभी कमियों को दूर किया जा सकता है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि बीडीए, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग और प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारियों की संयुक्त समिति बनाई जाए। यही समिति सभी कोचिंग संस्थानों का एक साथ निरीक्षण करे और एक ही सूची में स्पष्ट रूप से बताए कि किन-किन मानकों को पूरा करना अनिवार्य है। इससे अलग-अलग विभागों के अलग-अलग निर्देशों से पैदा हो रही परेशानी भी खत्म होगी।

कोचिंग संचालक अमित गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में एडीएम सिटी और बीडीए अधिकारियों से सकारात्मक बातचीत हुई है। प्रशासन ने जल्द संयुक्त समिति की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया है। उन्हें उम्मीद है कि सील किए गए संस्थानों को मानक पूरे करने का अवसर मिलेगा और उसके बाद उन्हें दोबारा संचालित करने की अनुमति दी जाएगी।

एसोसिएशन का कहना है कि उनका उद्देश्य प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करना नहीं, बल्कि सुरक्षा और शिक्षा के बीच संतुलन बनाना है। उनका मानना है कि यदि संस्थानों को निर्धारित समय देकर सुधार का अवसर दिया जाए तो सुरक्षा मानकों का भी पालन होगा और हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज