बरेली में टला बड़ा हादसा, बारिश के बीच स्लीपर बस पलटी; 15 यात्री घायल, सभी सुरक्षित

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बरेली में गुरुवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास दिल्ली से पीलीभीत की ओर जा रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हुए, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

फोटो।न्यूज वोक्स

सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। बस के अंदर फंसे यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। घायलों को जिला अस्पताल और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायलों में पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर निवासी मोहम्मद परवेज, उनकी पत्नी नगमा और डेढ़ वर्षीय बेटा फैज भी शामिल हैं। परवेज के अनुसार, बेटे का दिल्ली में इलाज कराने के बाद परिवार घर लौट रहा था। सुबह करीब चार बजे सीबीगंज क्षेत्र में बस का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई। हादसे में नगमा घायल हो गईं, जबकि मासूम फैज का एक हाथ टूट गया। परवेज को भी चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी। वहीं घायल यात्रियों ने आशंका जताई कि चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित हुई होगी। हालांकि दुर्घटना की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में 10 से 15 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज