बरेली। संगठित अपराध के खिलाफ बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और लूटपाट में सक्रिय तीन अपराधी गिरोहों को जिला स्तरीय माफिया घोषित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि इन गिरोहों की गतिविधियां लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई थीं। अब इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अवैध संपत्ति और आर्थिक नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
पुलिस की जांच में सामने आया कि फरीदपुर और शाही थाना क्षेत्र से संचालित ये गिरोह संगठित तरीके से गंभीर अपराधों को अंजाम देकर अवैध कमाई कर रहे थे। इनकी आपराधिक गतिविधियों और रिकॉर्ड का विश्लेषण करने के बाद तीनों गिरोहों को जिला स्तरीय माफिया के रूप में चिन्हित किया गया।
कार्रवाई के तहत फरीदपुर थाना क्षेत्र के फातून उर्फ दौलत खां के नेतृत्व वाले गोकशी गिरोह के पांच सदस्यों को माफिया चिन्हीकरण संख्या एम-18/2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय माफिया घोषित किया गया। वहीं मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल मो. शेर खान को एम-19/2026 के तहत माफिया घोषित किया गया।
इसके अलावा शाही थाना क्षेत्र के नन्हे उर्फ लालता प्रसाद के नेतृत्व वाले लूटपाट गिरोह के पांच सदस्यों को एम-20/2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय माफिया घोषित किया गया। इस कार्रवाई में कुल 11 अपराधियों को माफिया सूची में शामिल किया गया है।
बरेली पुलिस ने संबंधित गिरोहों की अवैध संपत्तियों, बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन की जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की अवैध कमाई को जब्त करने और उनके आर्थिक तंत्र को खत्म करने के लिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में संगठित अपराध, गोकशी, मादक पदार्थों की तस्करी, लूटपाट और अन्य समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



