सीएम योगी का दो दिवसीय दौरा: बरेली में करेंगे रात्रि प्रवास, राधेश्याम की प्रतिमा का भी करेंगे अनावरण

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 और 30 जून को बरेली मंडल के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 29 जून को बरेली पहुंचेंगे और यहीं रात्रि प्रवास करेंगे। इसी दिन सीएम योगी पीलीभीत और मुरादाबाद के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

30 जून को मुख्यमंत्री बरेली में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और शहरवासियों को कई नई सौगातें भी दे सकते हैं।मुख्यमंत्री 30 जून को बरेली में पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा विकसित किए जा रहे रामायण वाटिका पार्क की प्रगति की भी समीक्षा कर सकते हैं, या फिर बीडीए से जुड़ी अन्य योजनाओं का लोकार्पण भी कर सकते है।माना यह भी जा रहा है कि इस दौरान शहर के लिए कई विकास परियोजनाओं की घोषणा भी हो सकती है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मंडल के चारों जनपदों—बरेली, पीलीभीत, रामपुर और बदायूं की मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेंगे। इसके बाद बरेली जनपद की अलग से समीक्षा बैठक होगी, जिसमें जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान बरेली के भाजपा जनप्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े नेताओं के साथ भी बैठक कर जिले की राजनीतिक और विकास संबंधी स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं। आगामी चुनावी तैयारियों को देखते हुए मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह बरेली में दूसरा रात्रि प्रवास होगा। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

डीएम बरेली अविनाश सिंह ने बताया कि सीएम योगी 29 जून को दो दिवसीय दौरे पर बरेली आ रहे है। इस दौरान वह पीलीभीत और मुरादाबाद जाएंगे , 30 जून को वह स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम में लगी कथावाचक राधे श्याम की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज