बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के बाद बरेली में कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और जिम की सुरक्षा व्यवस्था की जांच लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को पुलिस प्रशासन, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के नौ संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां मिलने पर छह संस्थानों को सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए।

संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान भवन की वैधता, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निर्धारित मानकों का पालन न करने पर सोमिक लाइव साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड, वैदास क्लासिस, एक्सप्लोर लाइब्रेरी, अनंत ज्ञान लाइब्रेरी, राजश्री लाइब्रेरी और माया एकेडमी ऑफ एडवांस सिनेमेटिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसके अलावा स्टडीज वेब क्लासिस एंड लाइब्रेरी, एक्सप्लोर स्टडीज और ऑनिक्स फिटनेस जिम को भवन का स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन विभाग की एनओसी उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तय समय के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर इन संस्थानों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बीडीए के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी शहर के कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, जिम व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।




