बरेली। बहेड़ी नैनीताल फोरलेन मार्ग पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब लकड़ी से भरा एक चलती कैंटर अचानक आग की चपेट में आ गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन पूरी तरह आग के गोले में तब्दील हो गया। तेज लपटें और धुआं देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार कैंटर बहेड़ी से किच्छा की ओर जा रहा था। ग्राम मंडनपुर शुमाली के पास पहुंचते ही वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की तेजी को देखते हुए चालक और हेल्पर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कैंटर और उसमें लदी लकड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के चलते नैनीताल फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। आग पर नियंत्रण के बाद यातायात को फिर से सुचारु कर दिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।




