बरेली। कश्मीर से शॉल लाकर बेचने का दावा करने वाले दो कारोबारी पुलिस जांच में हवाला नेटवर्क के अहम किरदार निकले। बारादरी पुलिस की कार्रवाई में न सिर्फ 35 लाख रुपये नकद बरामद हुए, बल्कि जांच के दौरान ऐसा नेटवर्क सामने आया, जिसकी कड़ियां बरेली से लेकर दिल्ली, कश्मीर और दुबई तक जुड़ी हुई बताई जा रही हैं। पुलिस को आशंका है कि व्यापार की आड़ में करोड़ों रुपये का अवैध लेन-देन किया जा रहा था।

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में बारादरी थाना पुलिस ने माधोबाड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर राजस्थान निवासी जगदीश चोटिया और बरेली निवासी जमीर अहमद को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
शॉल का कारोबार या हवाला का नेटवर्क?
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कश्मीर से शॉल और अन्य सामान के व्यापार को आधार बनाकर बड़े पैमाने पर धन का लेन-देन कर रहे थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वास्तविक कारोबार कितना था और हवाला नेटवर्क का हिस्सा कितना।
एक बैंक खाते से खुली करोड़ों के खेल की परत
एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक आरोपियों ने वर्ष 2025 में एक्सिस बैंक में एक खाता खुलवाया था। जांच में पता चला कि एक साल के भीतर इस खाते में करीब 1500 बार लेन-देन हुआ और लगभग 4.5 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। रकम अलग-अलग स्थानों से मशीनों के माध्यम से जमा कराई जाती थी, जिससे उसके स्रोत का पता लगाना मुश्किल हो सके।
फेसबुक से बनता था नेटवर्क, दुबई से आते थे निर्देश
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन दुबई में बैठा जीशान अली कर रहा था। वह सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक के जरिए लोगों से संपर्क करता था और 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर उन्हें हवाला कारोबार से जोड़ता था। इसके बाद टोकन सिस्टम के जरिए रकम एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई जाती थी।
दिल्ली के कारोबारियों तक पहुंचता था पैसा
जांच में दिल्ली के दो व्यापारियों, लालचंद और धम्मालाल, के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार हवाला की रकम को आगे खपाने और ठिकाने लगाने में इनकी भूमिका थी। दोनों फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
कश्मीर कनेक्शन की होगी गहन जांच
आरोपियों के कश्मीर से जुड़े व्यापारिक संपर्कों को देखते हुए पुलिस अब वहां भी जांच का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि नेटवर्क की असली तस्वीर सामने आने पर और कई नाम उजागर हो सकते हैं।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।




