मीरगंज में कुछ घंटों में दो बड़े हादसे, छह यात्री घायल, दो युवकों की हालत गंभीर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

मीरगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार का दिन हादसों के नाम रहा। कुछ घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी। पहले हादसे में रोडवेज बस कंटेनर से टकरा गई, जबकि दूसरे हादसे में बाइक सवार दो युवक फ्लाईओवर पर डिवाइडर से जा भिड़े। दोनों घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं। बाइक हादसे में एक युवक का हाथ काटना पड़ा, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

पहला हादसा मीरगंज फ्लाईओवर पर हुआ। बरेली से दिल्ली की ओर जा रही पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। बस चालक के अनुसार कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बस संभल नहीं सकी और पीछे से जाकर भिड़ गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

मीरगंज हादस
फोटो सोर्स। न्यूज वोक्स

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे कई यात्री झटके से सीटों से उछल पड़े। हादसे में छह यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस घटना के कुछ ही घंटे बाद उसी फ्लाईओवर पर एक और गंभीर हादसा हो गया। बरेली से मुरादाबाद जिले के कुंदरकी जा रहे बाइक सवार दो युवक अचानक बाइक से नियंत्रण खो बैठे और डिवाइडर से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवकों के पास हेलमेट तो था, लेकिन उन्होंने उसे सिर पर पहनने के बजाय हाथ में ले रखा था। हादसे के दौरान हेलमेट उछलकर करीब पचास फीट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा।

सूचना मिलने पर यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान कुंदरकी निवासी अनीस अहमद और शरीफ अहमद के रूप में हुई है। डॉक्टरों को अनीस की जान बचाने के लिए उसका एक हाथ काटना पड़ा, जबकि शरीफ की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा है।

लगातार हुए इन हादसों के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज