बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सुभाषनगर निवासी अधिवक्ता बृजेश मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 और 31 मई की दरमियानी रात वह अपने मामा के साथ गांव से लौटे थे। इसी दौरान गुलाबनगर क्षेत्र का रहने वाला बिलाल घोसी वहां पहुंचा और कथित तौर पर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने पहले अभद्रता की और फिर विरोध करने पर चाकू से हमला कर अधिवक्ता को घायल कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार देर रात प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी जनकपुरी स्थित पुरानी रेलवे लाइन और आरपीएफ बैरक के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, चोरी, धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की समीक्षा कर रही है और उस पर गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मुठभेड़ से संबंधित मामले में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।




