बहन से नजदीकी के शक में रची गई थी हत्या की साजिश, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल भी बरामद
बरेली के फरीदपुर इलाके में हुए चर्चित जुनैद हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी बलवन्त सिंह उर्फ अनमोल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी बीसलपुर अंडर बाईपास से की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
मृतक के पिता नन्हे पुत्र कल्लन निवासी भूरे खां गौटिया की तहरीर पर थाना फरीदपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि घटना की वजह जुनैद और आरोपी पक्ष की एक युवती के बीच नजदीकी को लेकर पैदा हुआ विवाद था। आरोप है कि घटना वाली रात लवी ने दोनों को साथ देख लिया था, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अनमोल ने वीडियो कॉल के जरिए अन्य आरोपियों को जुनैद की पिटाई और हत्या के लिए उकसाया था।
इसके बाद जुनैद को हजियापुर नहर पुलिया के पास ले जाया गया, जहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव फेंक दिया गया। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आखिरकार अनमोल को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 30 नवंबर 2025 को जुनैद की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी। पहले उसे दावत के बहाने बुलाया गया, फिर मारपीट के बाद गोली मार दी गई। मामले में आरोपी लवी उर्फ लवप्रीत और सनी उर्फ सुखवन्त को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीसरा आरोपी अनमोल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जिसे आज गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक उज्जवल गंभीर, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह सिवाच समेत सर्विलांस और पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।




