बरेली। मीरगंज क्षेत्र में सोमवार को मनौना धाम दर्शन के लिए जा रहे बाइक सवारों को समसपुर के पास अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र रामचंद्र निवासी मोहल्ला रम्पुरा, रुद्रपुर, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। वहीं घायल राकेश पुत्र नंदराम निवासी मोहल्ला रम्पुरा, रुद्रपुर का उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से मनौना धाम दर्शन करने जा रहे थे। समसपुर के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया.सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।




