सोर्स।सोशल मीडिया
बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में ड्रेस कोड लागू किए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में अनुशासन और समानता बनाए रखने के लिए ड्रेस कोड जरूरी है।
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि यूनिफॉर्म की व्यवस्था कोई नई बात नहीं है। लंबे समय से स्कूलों और कॉलेजों में निर्धारित ड्रेस पहनने का नियम लागू होता रहा है। उनका कहना है कि इससे छात्रों के बीच एक समान माहौल बनता है और पढ़ाई का वातावरण बेहतर रहता है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग ड्रेस कोड के मुद्दे को धार्मिक और सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि इसे केवल शिक्षा और अनुशासन के नजरिए से देखा जाना चाहिए।
हिजाब के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुस्लिम छात्राएं शिक्षण संस्थानों के अंदर तय ड्रेस कोड का पालन करें। क्लास खत्म होने के बाद या संस्थान से बाहर आने पर वे हिजाब पहन सकती हैं।
मौलाना ने कहा कि सभी छात्रों को अपने स्कूल और कॉलेज के नियमों का सम्मान करना चाहिए और शिक्षा संस्थानों की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए




