बरेली के कैंट क्षेत्र स्थित लालफाटक फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह सीएनजी गैस से भरे एक कैंटर में रिसाव होने से हड़कंप मच गया। तेज आवाज के साथ गैस निकलती देख फ्लाईओवर पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल ट्रैफिक रोक दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 20 मिनट बाद हालात सामान्य हो सके।

जानकारी के अनुसार बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के सिगोही गांव निवासी चालक कृपाल शाहजहांपुर के पिपरौला प्लांट से सीएनजी कैप्सूल भरकर बदायूं जा रहा था। लालफाटक फ्लाईओवर पर पहुंचते ही उसे वाहन से गैस लीक होने का एहसास हुआ। चालक ने तुरंत वाहन को किनारे खड़ा कर पुलिस और संबंधित कंपनी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर क्राइम भारत सिंह ने टीम के साथ फ्लाईओवर खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई।
बाद में तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर रिसाव रोकने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद गैस का दबाव कम हुआ और स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान फ्लाईओवर पर मौजूद लोग डर के कारण दूर हटते नजर आए। राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यातायात बंद होने से तेज धूप में राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि कैंट क्षेत्र में इससे पहले भी सीएनजी गैस रिसाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।




