बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही बुजुर्ग पिता पर डंडे से हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मामला कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव का है, जहां काशीराम अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात उनका बेटा शराब पीकर घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गुस्से में आकर पिता पर डंडे से हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार आरोपी लगातार काशीराम को पीटता रहा। जब परिवार की महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घर में चीख-पुकार मचने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काशीराम गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत ज्यादा बिगड़ने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




