सिविल लाइंस इलाके में मची अफरा-तफरी, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जंक्शन रोड स्थित एक बैंक भवन की छत पर बने आवास में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बैंक की इमारत की ऊपरी मंजिल पर बने आवास में एक परिवार रह रहा था। दोपहर के समय अचानक कमरे से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के करीब दस मिनट के भीतर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया और आग को फैलने से रोक लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि आग में घरेलू सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के दौरान सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की गई। इस दौरान कुछ अग्निशमन सिलेंडर एक्सपायरी डेट के पाए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित बिंदुओं पर आगे कार्रवाई की जाएगी।




