मो.आदिल
बरेली। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विकास भवन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने की।

बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें गंभीरता से कराने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने नगर निगम, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों के अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के अवशेषों का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। इसके लिए जेसीबी से पहले ही गहरे गड्ढे खुदवाने, उनमें नमक और ब्लीचिंग पाउडर डालकर अवशेषों को दबाने के निर्देश दिए गए, ताकि पशु-पक्षी उन्हें इधर-उधर न फैला सकें।
बैठक में बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, ओवरहेड टैंकों को भरवाने और हैंडपंप दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त को सफाई कर्मियों की अतिरिक्त टीमें बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई हो सके।
डीएम ने कहा कि कुर्बानी खुले में न दी जाए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को समझाने की अपील की गई कि कुर्बानी की वीडियो न बनाएं और न ही सोशल मीडिया पर वायरल करें।
बैठक में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि केवल पारंपरिक आयोजनों की ही अनुमति होगी। बिना अनुमति कोई जुलूस या गैर पारंपरिक आयोजन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कहीं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी की आशंका हो तो पुलिस को गोपनीय रूप से सूचना दी जा सकती है। साथ ही छतों पर रखे ईंट-पत्थर हटाने और त्योहार के बाद सार्वजनिक स्थलों पर अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान समेत सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



