लाखों रुपये कीमत की अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, STF ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का किया खुलासा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 21 लाख रुपये कीमत की 2.120 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है।कार्रवाई कैंट थाना क्षेत्र में की गई। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी अफीम की मात्रा बढ़ाने और अधिक मुनाफा कमाने के लिए उसमें केमिकल, रंग, कुटकी और पिघला हुआ गोंद मिलाते थे।

 

एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि झारखंड से मादक पदार्थ लाकर बरेली समेत आसपास के जिलों में सप्लाई की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ बरेली यूनिट ने कैंट थाना क्षेत्र के उर्सरिया मोड़ के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी राजू कुमार डोंगी और कैंट क्षेत्र निवासी महेश पाल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 2.120 किलो अफीम के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पैकिंग सामग्री, गैस सिलेंडर, भट्ठी और अन्य उपकरण भी बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से सस्ते दामों में अफीम लाकर बरेली, दिल्ली और उत्तराखंड तक सप्लाई करते थे। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर मोटा मुनाफा कमा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अफीम में मिलावट कर उसकी मात्रा बढ़ा देते थे, जिससे बाजार में अधिक सप्लाई कर ज्यादा कमाई की जा सके। गिरफ्तार आरोपी महेश पाल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।दोनों आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज